मनीष श्रीवास्तव
भोपाल, राजधानी भोपाल के ग्रामीण अंचलों में संचालित फर्जी एवं मिलावटी दूध डेयरियों के खिलाफ खाद्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार की सुबह खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भोपाल के जनपद फंदा ब्लाक की पुराछिंदवाड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र में संचालित हो रही दो संदिग्ध डेयरी पर छापामार कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार एक दूसरे जिले के कोड, जो कि मूल रूप से भोपाल क्षेत्र से बाहर के नाम से पंजीबद्ध है, उसका संचालन नियम विरुद्ध तरीके से पुराछिंदवाड़ा में किया जा रहा था। शिकायत मिलने पर खाद्य विभाग हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जांच के दौरान डेयरी संचालक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
कार्रवाई के दौरान खाद्य इंस्पेक्टर धर्मेंद्र धाकड़ ने डेयरी से दूध के नमूने (सेंपल) विधिवत प्रक्रिया के तहत लिए। इन सेंपलों को प्रयोगशाला में परीक्षण हेतु भेजा गया है, जहां दूध की गुणवत्ता एवं मिलावट की जांच की जाएगी। प्रारंभिक जांच में दूध की गुणवत्ता संदिग्ध पाई जाने पर विभाग ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना प्राप्त हो रही थी कि कुछ डेयरियां अवैध रूप से संचालित होकर मिलावटी दूध का विक्रय कर रही हैं, जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
खाद्य इंस्पेक्टर धर्मेंद्र धाकड़ ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बिना पंजीयन एवं गलत कोड पर संचालित डेयरियों को बंद कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
विभाग ने डेयरी संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि वे नियमों का पालन करें, अन्यथा आगे भी लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि मिलावटी या संदिग्ध दूध की सूचना तत्काल खाद्य विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




Users Today : 7
Views Today : 11
Total views : 12039