Homeमध्य प्रदेशभोपालधरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान ग्रामों में सभी विभाग योजनाओं का...

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान ग्रामों में सभी विभाग योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करें – संभागायुक्त श्री शर्मा

संभाग आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने संभाग आयुक्त कार्यालय में आयोजित समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्रदाय की जा रही सेवाओं तथा विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनहितकारी सेवाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण प्रदाय सुनिश्चित करना है, इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों एवं प्रकरणों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

   संभागायुक्त श्री शर्मा ने सभी जिलों के कलेक्टर्स को आदेश जारी कर लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत समय सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों में संबंधित अधिकारी पर जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री शर्मा ने पीएचई, नगर निगम एवं जिला पंचायत को बरसात के मौसम में दूषित पानी की नियमित जांच एवं क्लोरिफिकेशन के निर्देश दिए। संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी शासकीय स्कूलों में पुस्तकों का वितरण शत - प्रतिशत सुनिश्चित हो एवं प्रथम कक्षा में नामांकन एवं ड्राप आउट में कमी को दूर करें। पहली कक्षा में नामांकन पोर्टल की प्रतिदिन समीक्षा करें। उन्होंने जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा करते हुए संभाग के सभी जिलों के धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत ग्रामों में सभी विभागों की योजनाओं का शत प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित संभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस संबंध में रिपोर्ट एवं एक्शन प्लान तैयार कर प्रस्तुत करें। 

संभाग आयुक्त श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि सभी संभागीय अधिकारी प्रत्येक सप्ताह संभाग के जिलों का अनिवार्य रूप से भ्रमण करें तथा विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विकास कार्यों के क्रियान्वयन का मैदानी निरीक्षण कर वास्तविक प्रगति का आकलन करें। निरीक्षण के दौरान प्राप्त समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। संभाग आयुक्त श्री शर्मा ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं, विभागीय उपलब्धियों तथा चुनौतियों की बेहतर समझ विकसित करने के लिए सभी संभागीय अधिकारी अपने-अपने विभागों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दें। प्रस्तुतीकरण में विभागीय संरचना, प्रमुख योजनाएं, वर्तमान में राज्य शासन द्वारा निर्धारित प्राथमिकताएं, लक्ष्य, उपलब्धियां, नवाचार तथा प्रगति की वर्तमान स्थिति का समावेश किया जाएगा। अगले सप्ताह से विभागों के प्रस्तुतीकरण आयोजित किए जाएंगे, जिससे विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित हो सके तथा परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिले।

    संभाग आयुक्त श्री शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में केवल संख्या आधारित उपलब्धि पर नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी अधिकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा विकास कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करें।
RELATED ARTICLES
Jharkhand
overcast clouds
33.4 ° C
33.4 °
33.4 °
47 %
3.6kmh
100 %
Thu
33 °
Fri
35 °
Sat
36 °
Sun
37 °
Mon
35 °

Most Popular

error: Content is protected !!